सूरजपुर / विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश में शासकीय स्तर पर आयोजन नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित जिलास्तरीय पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासी विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नौ अगस्त को पूरी दुनिया में आदिवासी समाज ने विश्व आदिवासी दिवस मनाया, लेकिन भाजपा के किसी नेता, आदिवासी नेता, यहां तक कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री की ओर से भी आदिवासी समाज को बधाई संदेश नहीं दिया गया।
भगत ने कहा कि वर्ष 2023 से पहले भाजपा के नेता भी विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस दिवस को शासकीय स्तर पर मनाने से परहेज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस आदिवासियों की स्वतंत्र संस्कृति और अस्मिता को स्वीकार नहीं करना चाहती तथा उन्हें ‘वनवासी’ की पहचान तक सीमित करना चाहती है। विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और सभ्यता को दुनिया के सामने रखने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की करीब 32 प्रतिशत आबादी आदिवासी समाज की है। प्रदेश की पहचान आदिवासी संस्कृति के बिना अधूरी है। बस्तर से लेकर सरगुजा, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोरबा, जशपुर, बलरामपुर और गरियाबंद तक आदिवासी समाज ने अपनी संस्कृति, परंपरा और संघर्ष से प्रदेश की पहचान बनाई है। इसके बावजूद आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते सरकारी स्तर पर विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाया जाना समाज का अपमान है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपनी अस्मिता, अधिकार और जल-जंगल-जमीन के अधिकार से कोई समझौता नहीं करेगा। भाजपा और आरएसएस भले ही विश्व आदिवासी दिवस का विरोध करें, लेकिन आदिवासी समाज इसे गर्व के साथ मनाता रहा है और आगे भी मनाता रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार, संस्कृति और अस्मिता से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की परंपराओं और अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस जल, जंगल और जमीन के अधिकार तथा आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस महामंत्री संजय डोशी, उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन, इस्माईल खान, जीएस मिश्रा, प्रवेश गोयल, विद्यासागर सिंह, विनय मिश्रा,त्रिभुवन सिंह,वेदप्रकाश मिश्रा, सुनील सारथी, संतोष पावले, राजपाल कसेरा, समीर सिंह, सुनील प्रजापति,अविनाश साहू,लिवनेश सिंह,और परमेश्वर राजवाड़े सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे
