कांग्रेस का चीनी सत्याग्रह गरीब की चाय में सरकार ने महंगाई घोल दी,,,,

 

सूरजपुर/ चीनी के लगातार बढ़ते दामों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को सूरजपुर जिला मुख्यालय स्थित नेहरू पार्क में एक दिवसीय चीनी सत्याग्रह कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में आयोजित सत्याग्रह में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चीनी की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा। 

 इस दौरान महंगी चीनी के खिलाफ नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया, जिसमें व्यंग्यात्मक तरीके से दिखाया गया कि महंगाई इस कदर बढ़ गई है कि चीनी खरीदने के लिए एक युवक को अपनी किडनी तक बेचने की नौबत आ गई।

नेहरू पार्क में पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा के नीचे आयोजित सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई अब केवल आंकड़ों का खेल नहीं रह गई है, बल्कि आम आदमी की रसोई और उसकी थाली पर सीधा हमला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस चीनी की मिठास हर घर की चाय और त्योहारों की खुशियों में घुलती थी, आज वही चीनी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के बजट पर भारी पड़ रही है।

शशि सिंह ने कहा कि सरकार को आम आदमी की चाय में चीनी की मिठास दिखाई नहीं दे रही, लेकिन जनता को महंगाई की कड़वाहट हर दिन महसूस हो रही है। सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बाजार में पहुंचते ही उसके दावों की पोल खुल जाती है। गरीब परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल है और उस पर रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “यह सत्याग्रह सिर्फ चीनी के दाम के खिलाफ नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ है, जिसमें आम आदमी की जेब लगातार खाली हो रही है और सरकार उसकी परेशानी पर आंखें मूंदे बैठी है। जनता को राहत चाहिए, भाषण और आंकड़े नहीं। सरकार तत्काल चीनी की कीमतों पर नियंत्रण करे और बाजार में इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करे।

उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जब रसोई का बजट बिगड़ता है तो उसका असर सीधे परिवार की जिंदगी पर पड़ता है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और जब तक महंगाई से राहत नहीं मिलेगी, तब तक यह आवाज दबने वाली नहीं है।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चीनी के बढ़ते दामों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजय डोशी, उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन, इस्माईल खान, प्रवेश गोयल, नवीन जायसवाल, विद्यासागर सिंह, त्रिभुवन सिंह, वेदप्रकाश मिश्रा, केबी सिंह, सुनील सारथी, संतोष पावले, मेहंदी यादव, मेही साहू, संजू श्रीवास्तव, प्रदीप साहू,बिहारी कुलदीप,रामकृपाल साहू,संदीप शर्मा, परमेश्वर राजवाडे, मनोज साहू,समीर सिंह, हेमंत साहू,रूपनारायण राजवाडे, दिनेश राजवाड़े,मासूम इराकी, महिला नेत्री आनन्द कुंवर, लिली राजवाडे, बबीता गुप्ता, हेमलता राजवाडे, बिंदु गुप्ता, देवंती सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *